सरकार के रोजगार दावे पर आंकड़ों ने उठाए सवाल
- Details
-
Created on Tuesday, 24 November 2026 03:46
-
Written by Shail Samachar
शिमला/शैल। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की हर साल एक लाख रोजगार देने की गारंटी अब सरकार के अपने विधानसभा जवाब के आंकड़ों के कारण सवालों के घेरे में है। सत्ता में आने से पहले युवाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार ने विधानसभा में विधायक जीत राम कटवाल के सवाल के जवाब मे 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक विभिन्न विभागों में खाली पदों और दी गई नियुक्तियों का विवरण दिया है। दस्तावेज के विभागवार आंकड़ों के जोड़ के अनुसार प्रदेश में लगभग 58,234 पद रिक्त हैं, जबकि इसी अवधि में नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 13,438 है। यानी सरकार के कार्यकाल में रोजगार देने की रफ्तार और खाली पदों की संख्या के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।
सरकार के जवाब में नियुक्तियों को नियमित, अनुबंध, दैनिक वेतन और प्रशिक्षु आधार पर अलग- अलग दिखाया गया है। इसमें लगभग 6,457 नियुक्तियां नियमित आधार पर, 5,822 अनुबंध आधार पर और 1,102 दैनिक वेतन आधार पर दर्ज हैं। इसके अलावा प्रशिक्षु और अन्य श्रेणियों में भी नियुक्तियां हुई हैं। इसका मतलब यह है कि सरकार के रोजगार संबंधी आंकड़ों में सभी नियुक्तियां स्थायी सरकारी नौकरियां नहीं हैं। अनुबंध और दैनिक वेतन पर काम करने वाले युवाओं को नियमित कर्मचारियों जैसी नौकरी की सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिलतीं। ऐसे में सवाल उठता है कि एक लाख रोजगार प्रतिवर्ष देने की गारंटी के मुकाबले स्थायी नौकरियां कितनी दी गईं?
रिक्त पदों का विभागवार ब्यौरा देखें तो शिक्षा विभाग की स्थिति सबसे चिंताजनक है। स्कूल शिक्षा विभाग में 13,182 पद खाली हैं, जबकि उच्च शिक्षा विभाग में 6,021 पद रिक्त हैं। यह स्थिति बताती है कि सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
लोक निर्माण विभाग में 19,457 पद खाली बताए गए हैं। पुलिस विभाग में 3,822 पद रिक्त हैं। इनमें आरक्षी के 2,315, मुख्य आरक्षी के 701, उपनिरीक्षक के 220, सहायक उपनिरीक्षक के 176 और निरीक्षक के 45 पद शामिल हैं। पशुपालन विभाग में 2,009, वन विभाग में 1,400 और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 874 पद खाली हैं। जल शक्ति विभाग में 670, आयुष विभाग में 621, राज्य कर एवं आबकारी विभाग में 542 और कृषि विभाग में 318 पद रिक्त हैं। ग्रामीण विकास विभाग में 314 और तकनीकी शिक्षा विभाग में 285 पद खाली हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों में कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है।
नियुक्तियों के ब्यौरे में भी नियमित रोजगार के बजाये अनुबंध और अस्थायी व्यवस्था का बड़ा हिस्सा सामने आता है। बिजली बोर्ड में 1,449 नियुक्तियां अनुबंध आधार पर दर्ज हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में 554 अनुबंध और 505 दैनिक वेतन आधार पर नियुक्तियां दिखाई गई हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में 40 नियमित और 197 अनुबंध नियुक्तियां दर्ज हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम में 690 अनुबंध और एक दैनिक वेतन आधार पर नियुक्ति का विवरण है। उच्च शिक्षा विभाग में 125 नियमित प्राचार्य और 496 अनुबंध आधार पर आचार्य नियुक्त किए जाने का उल्लेख है। स्कूल शिक्षा विभाग में 4,294 नियुक्तियां अनुबंध अथवा प्रशिक्षु आधार पर दर्ज हैं। इससे सवाल उठता है कि क्या सरकार स्थायी रोजगार देने के बजाय अस्थायी नियुक्तियों के सहारे अपनी उपलब्धियां गिनवा रही है?
सरकार ने रोजगार के सवाल के जवाब में स्वरोजगार योजनाओं का विवरण भी दिया है। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत 31 जुलाई 2025 तक 67 युवाओं को रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर मिलने की जानकारी दी गई है। कौशल विकास भत्ता योजना के तहत वर्ष 2013 से 31 जुलाई 2025 तक 82,208 युवाओं के नामांकन का आंकड़ा दिया गया है। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 3,373 लाभार्थियों को 594.73 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 4,982 लाभार्थियों और स्टार्टअप योजना के तहत 279 युवाओं को वित्तीय सहायता दी गई। मत्स्य पालन विभाग ने 1,277 और उद्यान विभाग ने 2,129 युवाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित करने की जानकारी दी है। लेकिन इन योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या को सीधे नई सरकारी नौकरियों की संख्या नहीं माना जा सकता।
विधानसभा में रखे गए इस दस्तावेज ने सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब कांग्रेस ने हर साल एक लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी तो अब तक कितने युवाओं को नियमित नौकरी मिली? कितने युवाओं को अनुबंध और दैनिक वेतन पर रखा गया? हजारों पद खाली रहने के बावजूद उन्हें भरने की प्रक्रिया में तेजी क्यों नहीं आई? क्या स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों और प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी रोजगार की गारंटी के आंकड़ों में शामिल किया जा रहा है?