शिमला/शैल। कांग्रेस से ‘‘आप’’ और आप से भाजपा में पहुंचे डाक्टर रणवीर सिंह नेगी ने सोशल मीडिया में राहूल गांधी और प्रिंयका गांधी पर अभद्र टिप्पणी करके भाजपा के लिये प्रदेश में भयानक कठिनाई खड़ी कर दी है। आज तक सोशल मीडिया के मंच पर जिस तरह से राहूल और पूरे नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ अभद्रता परोसी जाती रही है उसी के कारण इन विधानसभा चुनावों में 2014 के लोकसभा चुनावों के मुकाबले में भाजपा को 16% समर्थन का नुकसान उठाना पड़ा है। आज तक हिमाचल इस तरह की घटित हरकतों से बचा हुआ था। लेकिन आज नेगी जैसे अति उत्साहियों ने बैठे -बिठाये कांग्रेस को एक मुद्दा दे दिया है। नेगी की टिप्पणी पर उभरे रोष के परिणामस्वरूप युवा कांग्रेस, कांग्रेस की शिकायत पर प्रदेश के कई हिस्सों में पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया गया है।
नेगी की टिप्पणी से मुस्लिम समुदाय में भी रोष के स्वर उभरे हैं। अब यह नेगी प्रकरण भाजपा और जयराम सरकार के लिये एक परीक्षा साबित होने जा रही है। इसमें यदि भाजपा नेगी को तुरन्त प्रभाव से बाहर का रास्ता नही दिखाती है तो यह माना जायेगा कि इस टिप्पणी को कहीं न कहीं पार्टी का समर्थन हासिल है। यही स्थिति सरकार के लिये होगी। यदि पुलिस इस मामले में तुरन्त प्रभाव से कारवाई नहीं करती है तो उससे भी यही सन्देश जायेगा कि इसमें सरकार की भी अपरोक्ष में सहमति है। अब इस पर सबकी निगाहें लगी हैं कि सरकार और पार्टी इसमें क्या कदम उठाते हैं। यह तय है कि यदि इसमें कोई ढील बरती गयी तो इसका चुनावों मे नुकसान उठाना पड़ेगा।