मायावती के जन्मदिन पर महारैली आज!

Created on Wednesday, 15 January 2014 08:20
Written by Shail Samachar

नई दिल्ली।। बीएसपी अध्यक्ष मायावती का आज जन्मदिन है, और इस मौके पर वो आज पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी।

लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली राष्ट्रीय सावधान विशाल महारैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ये रैली सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

इस रैली में मायावती क्या ऐलान करती हैं, इस पर सबकी नजरें होंगी। तकरीबन एक महीने पहले से मायावती ने इस रैली की घोषणा कर रखी थी, तभी से समूचा कैडर और कार्यकर्ता-पदाधिकारी रैली की तैयारियों में जुटे थे।

इस बीच दो दिन पहले ही जैसे ही मायावती ने एलान किया कि वो मुजफ्फरनगर दंगों के चलते इस मर्तबा अपना जन्मदिन सादगी से मनाएंगी, इस एलान के बाद से पूरे सूबे से समर्थकों का आना शुरू हो गया है।

हालांकि समाजवादी पार्टी ने बयान जारी कर कहा है कि मायावती इस मर्तबा हमेशा से ज्यादा भव्य जन्मदिन मनाने जा रही हैं। पार्टी का कहना है कि रैली के लिए करोड़ों रुपए का चंदा इकट्ठा किया गया है।

समाजवादी पार्टी ने मायावती के मुजफ्फरनगर दंगों पर बयान को घड़ियाली आंसू बताया है और कहा है कि अगर उन्हें दुख होता तो वो पिछले तीन महीनों में मुजफ्फरनगर जाने का समय जरूर निकालतीं।