कांग्रेस प्रदेश को धनासेठों के हाथों में बिकने नही देगीःराठौर

Created on Tuesday, 23 July 2019 06:24
Written by Shail Samachar

शिमला/शैल। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पत्रकार वार्ता में  कहा कि इस वर्ष हिमाचल के निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री डा.वाॅई.एस.परमार की जयंती 5 अगस्त 2019 को उनके गांव बागठन में मनाई जायेगी। कांग्रेस पार्टी ने इस कार्यक्रम के लिये एक कमेटी गठित की है। इस दिन सिरमौर में एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया जायेगा जिसमें कांग्रेस के कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दिन को विशेष रूप से स्वतन्त्रता सेनानीयों को सम्मानित किया जायेगा। डाॅ. वाई एस परमार हिमाचल निर्माता के प्रयासों से ही हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिल पाया था। जबकि उस समय भी जनसंघ के लोग हिमाचल बनाने के पक्ष में नही थे। इतिहास ग्वाह है जो जनसंघ के लोग आज सत्ता में बैठे हैं उस समय वही लोग ‘‘स्टे्ट हुड मारो ठुड का नारा’’ लगाया करते थे। हिमाचल एक पहाड़ी राज्य होने के साथ यहां के लोग गरीब और ईमानदार हैं हिमाचल की भूमि पर बाहरी लोगों की नजर हमेशा से रही है। धारा 118 डा. परमार की देन हैं जिसकी वजह से हिमाचल की जनता लूटने से आज तक बची हुई है। आज जिस तरह से हिमाचल के मुख्यमंत्री धारा 118 के सरलीकरण का प्रयास कर रहे है वह प्रदेशहित में नही है। आज हिमाचल की हरी भरी पहाड़ीयों पर उन धनासेठों की नजर है जिन्होने चुनाव के वक्त भाजपा को धन दिया था। लेकिन कांग्रेस प्रदेश को इन धनासेठों के हाथों में बिकने नही देगी। कांग्रेस हिमाचल में उद्योग स्थापित करने के पक्ष मेे है लेकिन जो पुराने उद्योग बन्द व पलायन कर रहे हैं उसके लिये सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। आज भाजपा प्रदेश में बड़े-बडे़ रिजोट बनाने की बात कर रही है जिसका प्रदेश के  छोटे होटल कारोबारियों पर बुरा असर पड़ेगा। राठौर ने कहा कि अगर आज हिमाचल को बिकने से बचाने की बात आयी तो कांग्रेस सड़को पर उतरेगी और आन्दोलन करेगी। कांग्रेस पार्टी रक्षा मंत्री के आरट्रैक के शिमला से मेरठ शिफ्ट करने के निर्णय को वापिस लेने का स्वागत करती है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने ही सबसे पहले यह मांग उठायी थी। राठौर ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था निम्न स्तर चली गई है। हिमाचल में आये दिन बलात्कार की घटनाएं हो रही है। उन्होने ने बताया कि प्रदेश में 2018 में 19,549 आपराधिक मामले दर्ज हुए है। जिसमें 476 अपहरण, 151 अनुसूचित व जनजातिय, 342 एनडीएण्डपीएस,  14,693 आईपीसी, 1671 महिला उत्पीड़न और 345 बलात्कार के मामले दर्ज हुए हैं। 2019 में अब तक 9814 मामले दर्ज हुए हैं जिसमें एनडीएण्डपीएस के 751 मामले, महिला उत्पीड़न के 511 और बलात्कार के 130 मामले दर्ज हुए हैं। राठौर ने कहा कि आंकडे साफ बताते है कि पिछले दो सालों में अपराधियों के हौंसले बहुत बढ़े हैं और शासन कमजोर हुआ है। उन्होने कहा कि आज प्रदेश में सड़को की बुरी हालत है आज प्रदेश केे बागवानों  को मंडी तक माल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है जो सरकार किसानों की आय 2022 तक दोगुणा करने के दावे करती आयी है उसकी नीयत का पता तो 50 पैसे का समर्थन मुल्य बढ़ाने से ही लग गया है। कांग्रेस मांग करती है कि यह मूल्य 10 रू प्रति किलो होना चाहिये। सेब की फसल इस साल स्क्रैब की बीमारी से ग्रस्त हुई है। 36 साल पहले इस रोग के लक्षण पाये गए थे तब 1983 में कांग्रेस सरकार की ओर से इस रोग को रोकने के लिये सस्ते दामों पर दवाई उपलब्ध करवायी गयी थी। आज कांग्रेस पार्टी यह मांग करती है कि इसके बारे में उचित कदम उठाये। राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार में आज प्राईवेट इन्शोरेंस कंपनी को फायदा दिलाया जा रहा है और किसानों की फसलों को जबरन इंन्शोरेंस करवाया जा रहा है जबकि हकीकत यह है इन कंपनीयों की ओर से एक भी बागवान को क्लेम नही मिला है। कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में प्रदेशभर में धरना प्रर्दशन करेगी और नये राज्यपाल को अस बारे में ज्ञापन सौंपेगी।