Sunday, 15 November 2026
Blue Red Green
Home देश गारंटियों की पोल खोलने सड़क पर उतरी भाजपा, मुख्यमंत्री से मांगा जबाव

गारंटियों की पोल खोलने सड़क पर उतरी भाजपा, मुख्यमंत्री से मांगा जबाव

शिमला/शैल। हिमाचल में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सुक्खू सरकार के खिलाफ चुनावी मोर्चा खोल दिया है। शिमला के चौड़ा मैदान में रविवार को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और जनसभा में भाजपा के चार बड़े नेताओं ने सरकार को रोजगार, महिला सम्मान राशि और चुनावी गारंटियों पर घेरा। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पांच लाख रोजगार देने के वादे पर जवाब मांगा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की और प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने चार साल के कामकाज का हिसाब मांगा। सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की सत्ता से कांग्रेस की विदाई होगी।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की पांच लाख रोजगार देने की गारंटी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि सरकार अब तक कितने युवाओं को रोजगार दे पायी है। उन्होंने असम का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां एक लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे के मुकाबले 1.07 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता देने की गारंटी पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। सरमा ने कहा कि असम में करीब सात लाख महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि हिमाचल में महिलाओं को कांग्रेस के वादे के अनुसार सहायता मिलने की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं और महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं किए।
हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस मतदान प्रणाली से कांग्रेस हिमाचल में सत्ता में आई, उसी पर अब सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कांग्रेस का ईवीएम को अपनी जीत पर सही और भाजपा की जीत पर गलत बताने का दोहरा मापदंड दिखाई देता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भी भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। सरमा ने कहा कि पात्र भारतीय नागरिकों के मतदान अधिकार सुरक्षित रहने चाहिए, लेकिन अपात्र नामों की पहचान और नियमानुसार कारवाई का भी विरोध नहीं होना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को आयोग के खिलाफ धरना देना था तो पहले अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। जयराम ने आरोप लगाया कि प्रदेश के संसाधनों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद ईवीएम और वोट चोरी का मुद्दा उठाने का आरोप भी लगाया।
राजीव बिंदल ने सरकार से प्रदेश की सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों और पेयजल व्यवस्था का हिसाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में सड़कें खराब हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों और स्कूलों में अध्यापकों की कमी है। महिला सम्मान राशि पर सवाल उठाते हुए बिंदल ने कहा कि चार साल तक हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते तो प्रत्येक पात्र महिला को 72 हजार रुपये मिलने चाहिए थे। उन्होंने पूछा कि कितनी महिलाओं को यह पूरी राशि मिली। बिंदल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की गारंटियों और सरकार के कामकाज का हिसाब मांगने का आहवान किया।
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक साल से आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि सबूत मांगने पर केवल ‘फीलिंग’ की बात की जाती है। अनुराग ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में लोकतांत्रिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता पर रोक लगाई गई थी।
इस पदयात्रा में सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Add comment


Security code
Refresh

Facebook



  Search