हिमाचल की राजनीति में भी भ्रष्टाचार के आरोप सत्ता हासिल करने का हथियार बन चुके हैं। विपक्ष में रहते हुए नेता घोटालों के दस्तावेज लहराते हैं, दोषियों को जेल भेजने का ऐलान करते हैं और सत्ता में आते ही जांच करवाने का वादा करते हैं। लेकिन कुर्सी मिलते ही वही मामले सरकारी फाइलों में उलझ जाते हैं। चुनाव नजदीक आते ही पुरानी जांचों का शोर फिर सुनाई देने लगता है। ऐसे में सवाल है कि क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ कारवाई भी अब चुनावी कैलेंडर से तय होगी?
हिमाचल में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ चार्जशीटें सौंपी हैं। वर्ष 2012 में कांग्रेस ने प्रेम कुमार धूमल सरकार पर आरोप लगाए। भाजपा ने 2013 और 2016 में वीरभद्र सिंह सरकार के खिलाफ चार्जशीट दी। दिसंबर 2016 की चार्जशीट में मुख्यमंत्री सहित 41 लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। जयराम ठाकुर सरकार के समय कांग्रेस ने 27 दिसंबर 2018 को 22 पन्नों की चार्जशीट में 35 मुद्दे उठाए। फिर 29 अक्तूबर 2022 को विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ‘लूट की छूट’ नाम से 23 पन्नों की चार्जशीट जारी की। इसमें पुलिस भर्ती पेपर लीक, कोविड काल में मेडिकल उपकरणों की खरीद, जल शक्ति विभाग में पाइप खरीद, खनन और आउटसोर्स भर्तियों में कथित अनियमितताओं के आरोप शामिल थे।
दिसंबर 2022 में सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में गिरफ्तारियां कीं और फरवरी 2023 में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर को भंग कर दिया। लेकिन आयोग भंग होने से पूरे मामले की जवाबदेही तय नहीं होती। प्रश्नपत्र बेचने वाले नेटवर्क, कथित लेन-देन और इसमें शामिल लोगों की जांच कहां तक पहुंची? कितने आरोपियों के खिलाफ अदालत में मामला पहुंचा? सरकार को इस मामले की मौजूदा स्थिति और अंतिम कारवाई का ब्यौरा देना चाहिए। कोविड काल में मेडिकल उपकरणों की खरीद मामले में सरकारी खजाने को हुए नुकसान और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों व कंपनियों की भूमिका का पूरा हिसाब सामने नहीं आया। जल शक्ति विभाग में पाइप खरीद को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी जांच का परिणाम सार्वजनिक नहीं है। यदि अनियमितताएं हुईं तो जिम्मेदार कौन है और यदि आरोप गलत थे तो सरकार ने इसकी स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी?
दूसरी ओर, भाजपा ने दिसंबर 2024 में कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर 18 कथित घोटालों और अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। इन आरोपों पर जांच एजेंसियों ने क्या कारवाई की? भाजपा को भी इसका जवाब देना चाहिए।
अब कांग्रेस सरकार पिछली भाजपा सरकार के बड़े टेंडर, सरकारी खरीद, खर्च और जमीन आवंटन की जांच के लिए सात मंत्रियों की कैबिनेट सब-कमेटी गठित कर दी है। बद्दी में लीज पर दी गई जमीन का मामला भी इसके दायरे में है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आरोप है कि पिछली सरकार के समय करीब पांच हजार बीघा जमीन 99 साल की लीज पर महज एक करोड़ रुपये में दी गई। यदि ऐसा हुआ है तो सरकार को जमीन आवंटन के दस्तावेज, वास्तविक मूल्य, लीज की शर्तें और सरकारी खजाने को हुए नुकसान का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। साथ ही यह भी बताना चाहिए कि जांच पूरी करने और जिम्मेदारी तय करने की समयसीमा क्या है।
सबसे बड़ा सवाल कांग्रेस सरकार की जवाबदेही का है। दिसंबर 2022 में सत्ता संभालने के बाद अपनी ही चार्जशीट में लगाए आरोपों की जांच चार साल में पूरी क्यों नहीं हुई? मई 2023 में गठित जांच व्यवस्था को अब फिर सक्रिय करने की जरूरत क्यों पड़ी? जिन विधायकों और अन्य लोगों के खिलाफ पहले से जांच चल रही है, उनके मामलों का नतीजा कब आएगा?
भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीरता का पैमाना आरोपों की संख्या नहीं, कारवाई का परिणाम है। कांग्रेस और भाजपा दोनों को बताना होगा कि उनके लगाए आरोपों में कितने सही साबित हुए, कितने मामलों में दोषियों को सजा मिली और सरकारी धन की कितनी वसूली हुई। यदि हर चुनाव से पहले भ्रष्टाचार की फाइलें खुलें और चुनाव के बाद फिर बंद हो जाएं, तो यह लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, केवल सत्ता के लिए है।