Wednesday, 30 September 2026
Blue Red Green
Home देश

सत्ता झुकी जनदबाव जीता छात्र आंदोलन ने बदल दी राजनीति की दिशा

शिमला/शैल। लोकतंत्र में सरकारें अक्सर यह दावा करती हैं कि उनकी प्राथमिकता संवाद है, लेकिन बीते कुछ दिनों की घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या संवाद केवल तब शुरू होता है, जब जनाक्रोश सरकार के लिए राजनीतिक संकट बनने लगे? सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त होना निश्चित रूप से राहत की खबर है, लेकिन उससे कहीं बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकार को बातचीत की मेज तक आने में इतना समय क्यों लगा? यदि अंत में बातचीत ही समाधान थी, तो शुरुआत में लाठीचार्ज, हिरासत, बल प्रयोग और टकराव की राजनीति की आवश्यकता क्या थी?
सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के हाथों जूस पीकर अपना अनशन समाप्त किया। लेकिन यह केवल अनशन का अंत नहीं था, बल्कि सरकार के लिए एक राजनीतिक संदेश भी था। उन्होंने साफ कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए, पेपर लीक मामले पर संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया। यह वही सरकार है, जो कुछ दिन पहले तक आंदोलन को कानून-व्यवस्था का मुद्दा मान रही थी।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण सवाल सरकार की रणनीति पर उठता है। पहले सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद छात्रों ने संसद घेराव का ऐलान किया। 20 जुलाई को जब हजारों छात्र संसद की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। अनेक छात्र घायल हुए। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो ने पूरे देश का ध्यान इस आंदोलन की ओर खींच लिया। देश के विश्वविद्यालयों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। धीरे-धीरे यह आंदोलन केवल दिल्ली का नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय छात्र आंदोलन का स्वरूप लेने लगा।
यहीं सरकार की राजनीतिक रणनीति बदलती दिखाई दी। जिस आंदोलन को पहले प्रशासनिक कार्रवाई से नियंत्रित करने की कोशिश की गई, उसी आंदोलन को बाद में बातचीत के जरिए शांत करने का प्रयास किया गया। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा को मध्यस्थ की भूमिका में आगे किया गया। तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष, वामपंथी राज्यसभा सांसद डॉ.जॉन ब्रिटास और अन्य नेताओं ने भी सोनम वांगचुक से मुलाकात कर अनशन समाप्त करने की अपील की। लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल और लेह के नेताओं ने भी बातचीत की। अंततः सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद स्थापित हुआ।
यहीं सबसे बड़ा राजनीतिक प्रश्न खड़ा होता है। यदि सरकार को अंततः आंदोलनकारियों की बात सुननी ही थी, तो क्या लाठीचार्ज आवश्यक था? क्या छात्रों पर बल प्रयोग के बाद शुरू हुई बातचीत यह स्वीकार नहीं करती कि प्रारंभिक रणनीति विफल रही? लोकतंत्र में विरोध को दबाने का प्रयास अक्सर सरकारों के लिए अधिक महंगा साबित होता है। इस मामले में भी वही हुआ। पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन कमजोर नहीं पड़ा, बल्कि देशव्यापी बन गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक और सच्चाई उजागर की है। आज का युवा केवल रोजगार नहीं चाहता, बल्कि व्यवस्था पर विश्वास भी चाहता है। पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगाया है। वर्षों की तैयारी के बाद यदि परीक्षा रद्द होती है या भर्ती प्रक्रिया संदेह के घेरे में आती है, तो स्वाभाविक रूप से आक्रोश पैदा होगा। सरकार यदि इसे केवल कानून-व्यवस्था का विषय मानेगी, तो वह समस्या की जड़ को समझने में असफल रहेगी।
दिलचस्प बात यह है कि पूरे विवाद के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि पहले माता-पिता जो कहते थे, उसे बिना तर्क स्वीकार कर लिया जाता था, लेकिन आज के युवाओं के साथ संवाद आवश्यक है। यह बयान ऐसे समय आया, जब छात्र आंदोलन देशव्यापी चर्चा का विषय बन चुका था। राजनीतिक विश्लेषकों के लिए यह बयान केवल सामाजिक टिप्पणी नहीं, बल्कि सत्ता प्रतिष्ठान के लिए भी एक संदेश माना जा रहा है कि बदलते भारत में संवाद के बिना शासन संभव नहीं है।
यह भी पहली बार नहीं है कि किसी बड़े जनदबाव के बाद सरकार को अपने रुख में बदलाव करना पड़ा हो। पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसे आंदोलन हुए, जहां प्रारंभिक सख्ती के बाद अंततः बातचीत का रास्ता अपनाना पड़ा। इससे यह धारणा मजबूत होती है कि सरकारें अक्सर विरोध को पहले चुनौती के रूप में देखती हैं और बाद में उसे लोकतांत्रिक अधिकार मानने लगती हैं। यह प्रवृत्ति किसी भी लोकतंत्र के लिए स्वस्थ संकेत नहीं मानी जा सकती।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण में विपक्ष की भूमिका भी सवालों से परे नहीं है। विपक्ष ने आंदोलन का समर्थन तो किया, लेकिन वह इसे राष्ट्रीय स्तर पर कोई ठोस राजनीतिक दिशा देने में सफल नहीं दिखा। कई विपक्षी दलों के नेता आंदोलन के अंतिम चरण में सक्रिय हुए, जबकि छात्रों की नाराजगी पहले से बढ़ रही थी। इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि आज के युवा पारंपरिक राजनीतिक दलों से अधिक अपने मुद्दों के आधार पर संगठित हो रहे हैं।
अब सरकार ने आश्वासन दिया है कि छात्रों की मांगों पर विचार होगा, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और संसद में चर्चा भी की जाएगी। लेकिन राजनीति में केवल आश्वासन काफी नहीं होता। जनता परिणाम देखती है। यदि पेपर लीक के मामलों में निष्पक्ष जांच नहीं हुई, यदि दोषियों को सजा नहीं मिली और यदि भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं हुआ, तो यह आंदोलन भले अभी शांत हो जाए, लेकिन युवाओं का असंतोष समाप्त नहीं होगा।
यह आंदोलन एक और संदेश देता है कि सोशल मीडिया के दौर में सरकारें सूचना को नियंत्रित नहीं कर सकतीं। जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग तक की हर तस्वीर, हर वीडियो और हर घटना कुछ ही मिनटों में देशभर में पहुंच गई। यही कारण है कि स्थानीय स्तर का आंदोलन राष्ट्रीय विमर्श बन गया। आज राजनीतिक शक्ति केवल संसद में नहीं, बल्कि जनता की डिजिटल चेतना में भी निहित है।
अंततः यह केवल सोनम वांगचुक के अनशन की कहानी नहीं है। यह उस बदलते भारत की कहानी है, जहां युवा सवाल पूछ रहा है, जवाब मांग रहा है और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति पहले से अधिक सजग है। सरकारों के लिए सबसे बड़ा सबक यही है कि लोकतंत्र में सत्ता का वास्तविक बल पुलिस की लाठी में नहीं, बल्कि जनता के विश्वास में होता है। जिस दिन सरकारें विरोध को दुश्मनी नहीं, लोकतांत्रिक संवाद का अवसर मान लेंगी, उसी दिन ऐसे टकरावों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।
सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है, लेकिन उन्होंने सत्ता के सामने जो सवाल रखे हैं, उनका जवाब अभी बाकी है। सरकार के लिए अब असली परीक्षा अनशन तुड़वाने की नहीं, बल्कि अपने वादों को निभाने की है। लोकतंत्र में आंदोलन समाप्त हो सकते हैं, लेकिन जनता की स्मृति और जवाबदेही कभी समाप्त नहीं होती।

जंतर-मंतर से उठी चिंगारी से संसद तक सियासी संग्राम

शिमला/शैल। दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बन गया है। युवाओं और छात्रों का आंदोलन अब केवल धरना-प्रदर्शन नहीं रहा, बल्कि यह सरकार और विपक्ष के बीच सीधी राजनीतिक लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। संसद का मानसून सत्र चल रहा है, बाहर हजारों प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हैं और भीतर विपक्ष सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। इस पूरे घटनाक्रम ने सरकार की कार्यशैली, विपक्ष की राजनीति और युवाओं की नाराजगी पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शनकारी साफ कह रहे हैं कि उनकी लड़ाई किसी दल के लिए नहीं, बल्कि अपने भविष्य के लिए है। उनका आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार विवाद, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और जवाबदेही की कमी ने लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है। उनका कहना है कि सरकार बार-बार जांच और सुधार का भरोसा देती है, लेकिन जमीन पर हालात नहीं बदलते। यही कारण है कि आंदोलन दिल्ली की सड़कों तक पहुंच गया।
केंद्र सरकार का दावा है कि युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से लिया जा रहा है और सुधार की प्रक्रिया जारी है। सरकार का कहना है कि कुछ राजनीतिक दल इस आंदोलन को हवा देकर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। सरकार यह भी कह रही है कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन संसद की सुरक्षा और कानून- व्यवस्था से समझौता नहीं किया जा सकता। यही वजह रही कि संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
यहीं से विपक्ष को सरकार पर हमला करने का बड़ा अवसर मिल गया। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने आंदोलनकारियों के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई। विपक्ष का आरोप है कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाये पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है। संसद के भीतर भी विपक्ष ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और सरकार से जवाब मांगा।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विपक्ष भी इस आंदोलन को केवल जनहित के मुद्दे के रूप में नहीं, बल्कि सरकार को घेरने के प्रभावी हथियार के रूप में देख रहा है। विपक्षी दलों के नेताओं की जंतर-मंतर पर लगातार मौजूदगी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। दूसरी तरफ भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।
इस आंदोलन ने जनता को भी दो हिस्सों में बांट दिया है। बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और सामाजिक संगठन प्रदर्शनकारियों की मांगों को जायज बता रहे हैं। उनका कहना है कि यदि युवाओं को समय पर रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया नहीं मिलेगी तो उनका आक्रोश स्वाभाविक है। वहीं समाज का एक वर्ग यह भी मानता है कि विरोध का अधिकार लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन संसद और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
सोशल मीडिया पर भी आंदोलन को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ी हुई है। एक ओर सरकार के समर्थन में अभियान चल रहे हैं तो दूसरी ओर आंदोलनकारियों के समर्थन में लाखों पोस्ट साझा की जा रही हैं। इससे साफ है कि यह मुद्दा अब केवल दिल्ली का नहीं, बल्कि पूरे देश की चर्चा का विषय बन चुका है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस आंदोलन का सबसे बड़ा असर संसद की कार्यवाही पर पडे़गा । विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है, जबकि सरकार इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश का आरोप लगा रही है। ऐसे में वास्तविक मुद्दे-युवाओं की समस्याएं, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और रोजगार-सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच दबते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह आंदोलन केवल कुछ दिनों का विरोध बनकर रह जाएगा या फिर सरकार को नीतिगत बदलाव करने के लिए मजबूर करेगा। फिलहाल जंतर-मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं, सरकार अपने रुख पर कायम है और विपक्ष इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाने में जुटा है।
स्पष्ट है कि जंतर-मंतर का यह आंदोलन अब केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश की राजनीति की नई परीक्षा बन चुका है। आने वाले दिनों में यह तय होगा कि सरकार संवाद का रास्ता चुनती है या टकराव का, विपक्ष जनहित की राजनीति करता है या केवल सियासी अवसर तलाशता है, और सबसे महत्वपूर्ण-क्या देश के युवाओं की आवाज वास्तव में नीति निर्माण तक पहुंच पाती है या फिर यह मुद्दा भी राजनीतिक शोर में दबकर रह जाता है।

हिमाचल में कचरा और सीवेज प्रबंधन की खुली पोल, एनजीटी ने सरकार को 32 मोर्चों पर लगाई फटकार

शिमला/शैल। हिमाचल प्रदेश में कचरा और सीवेज के प्रबंधन को लेकर एनजीटी ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। एनजीटी ने साफ कहा है कि राज्य में ठोस कचरे और सीवेज के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था अभी भी गंभीर रूप से कमजोर है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि नदियां, खडडें और भूजल भी प्रदूषित हो रहे हैं। इसी कारण अधिकरण ने राज्य सरकार, शहरी विकास विभाग, जल शक्ति विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सभी स्थानीय निकायों को 32 बिंदुओं पर समयबद्ध कारवाई के निर्देश दिए हैं।
एनजीटी के सामने पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों से हर दिन लगभग 420.82 टन ठोस कचरा निकलता है। हालांकि अधिकांश कचरा एकत्र किया जा रहा है, लेकिन करीब 20.48 टन कचरा आज भी लोगों के घरों और बाजारों से नहीं उठाया जा रहा है। यह कचरा खुले स्थानों, नालों और खाली जमीन पर पड़ा रहता है, जिससे गंदगी और प्रदूषण फैलता है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि करीब 20.87 टन कचरे का निस्तारण अब भी वैज्ञानिक तरीके से नहीं हो रहा। इसे अस्थायी डंपिंग स्थलों पर फेंक दिया जाता है, जहां न तो उसका सही उपचार होता है और न ही पर्यावरण सुरक्षा के मानकों का पालन किया जाता है। बरसात के दौरान ऐसे डंपिंग स्थलों से निकलने वाला दूषित पानी आसपास की जमीन और जल स्रोतों को प्रदूषित कर सकता है।
सबसे गंभीर चिंता सीवेज प्रबंधन को लेकर जताई गई। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में प्रतिदिन 159.12 मिलियन लीटर गंदा पानी निकलता है, लेकिन उपचार संयंत्रों में केवल 88.29 मिलियन लीटर सीवेज का ही शोधन हो रहा है। इसका मतलब है कि करीब 71 मिलियन लीटर, यानी लगभग 45 प्रतिशत गंदा पानी बिना किसी उपचार के सीधे नदियों, खड्डों और अन्य जल स्रोतों में पहुंच रहा है।
हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में, जहां अधिकांश पेयजल स्रोत प्राकृतिक जलधाराओं पर निर्भर हैं, यह स्थिति और भी गंभीर मानी जा रही है। एनजीटी ने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका बड़ा असर पड़ेगा।
अधिकरण ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि सभी शहरों और कस्बों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए। हर स्तर पर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था लागू की जाए ताकि रीसाइक्लिंग और खाद बनाने की प्रक्रिया बेहतर हो सके।
एनजीटी ने पुराने डंपिंग स्थलों पर वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश भी दिए हैं। कई स्थानों पर वर्षों से जमा हजारों टन कचरा पर्यावरण के लिए खतरा बना हुआ है। इसे वैज्ञानिक तरीके से साफ कर जमीन को दोबारा उपयोग योग्य बनाने के लिए कहा गया है।
अधिकरण ने यह भी निर्देश दिए कि सभी शहरी निकायों में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, कंपोस्ट प्लांट और आधुनिक कचरा प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जाए। जहां संभव हो वहां बायो-सीएनजी और वेस्ट-टू -एनर्जी जैसी परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जाए ताकि कचरे को संसाधन में बदला जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति पर भी एनजीटी ने चिंता जताई। अधिकरण ने सरकार को निर्देश दिया कि चार सप्ताह के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग और प्रभावी ठोस कचरा प्रबंधन योजना तैयार की जाए। पंचायतों में भी कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था विकसित करने के लिए कहा गया है।
सीवेज प्रबंधन में सुधार के लिए एनजीटी ने नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, पुराने संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने और जहां सीवर नेटवर्क नहीं है वहां जल्द पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपचारित पानी का सिंचाई और अन्य कार्यों में दोबारा उपयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
अधिकरण ने सभी स्थानीय निकायों को खुले में कचरा जलाने पर पूरी तरह रोक लगाने, प्लास्टिक कचरे के बेहतर प्रबंधन, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरे के अलग निस्तारण, इलेक्ट्रॉनिक कचरे और जैव-चिकित्सा कचरे के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा जिला प्रशासन को प्रत्येक नगर निकाय में कचरा प्रबंधन के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने, वर्षा जल निकासी नालों के किनारे पौधारोपण करने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सभी सीवेज संयंत्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले निकायों और एजेंसियों के खिलाफ कारवाई करने को भी कहा गया है।
एनजीटी ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल योजनाएं बनाने से काम नहीं चलेगा। सभी विभागों को तय समय सीमा के भीतर कारवाई कर उसकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। अधिकरण ने संकेत दिए हैं कि यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हिमाचल प्रदेश पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों के लिए जाना जाता है। यदि कचरा और सीवेज प्रबंधन में सुधार नहीं हुआ तो राज्य की नदियों, जंगलों, पर्यटन स्थलों और लोगों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ेगा। एनजीटी ने अब राज्य सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि पर्यावरण संरक्षण के मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और अगली सुनवाई में सभी 32 निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत रिपोर्ट पेश करनी होगी।

More Articles...

  1. गारंटीयों से ‘सुखी परिवार’ तक सवालों के घेरे में सुक्खू सरकार
  2. क्या सुक्खू सरकार उसी शिक्षा मॉडल को अपना रही है, जिसका कांग्रेस देशभर में विरोध करती रही है?
  3. कांग्रेस का नेता प्रतिपक्ष पर पलटवार मुकद्दमों का फैसला अदालत करेगी, भाजपा नहीं
  4. राजभवन पहुंचा विमल नेगी प्रकरण दोषियों के खिलाफ कारवाई की मांग
  5. आरएसएस कानून से ऊपर नहीं’ खड़गे के सवालों पर संघ-भाजपा-वीएचपी एकजुट
  6. नड्डा के हिमाचल दौरे ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मियां, क्या 2027 की तैयारी शुरू?
  7. विकास के दावों के बीच नड्डा के आंकड़ों ने खड़े किए बड़े सवाल
  8. 35 दिन चली हिमाचल विधानसभा, 70 फीसदी से अधिक बजट बिना चर्चा के पास
  9. शपथ ग्रहण समारोह में परिजनों और मीडिया की रोक पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाये सवाल
  10. Online YouTube Movies Downloader Totally free and you may Prompt
  11. ऊना के तालाब प्रोजेक्ट में फर्जीवाड़े के आरोप, विजिलेंस जांच की मांग
  12. क्या भारत आर्थिक दबाव की नई चुनौती की ओर बढ़ रहा है?
  13. हिमाचल में 51 शहरी निकायों के चुनाव का ऐलान 17 मई को मतदान
  14. चेस्टर हिल्स: दो रेरा सर्टिफिकेट, एक प्रोजेक्ट और सवालों का जाल
  15. बजट घोषणाओं पर भाजपा सांसदों ने सरकार को घेरा
  16. विमल नेगी मौत प्रकरण में पूर्व एसपी संजीव गांधी को सीबीआई का समन
  17. स्मार्ट मीटर क्रांति या नया विवाद? बिजली क्षेत्र के बदलाव पर उठते सवाल
  18. क्या सरकार अपने ही अन्त विरोधों से टूटने के कगार पर पहुंच गयी है?
  19. क्या कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के आठ अधिकारियों के खिलाफ हुई एफ.आई.आर. किसी राजनीतिक तूफान का संकेत है?
  20. क्या प्रदेश को उद्योगों के भरोसे ही चलाया जा सकता है ?

Subcategories

  • लीगल
  • सोशल मूवमेंट
  • आपदा
  • पोलिटिकल

    The Joomla! content management system lets you create webpages of various types using extensions. There are 5 basic types of extensions: components, modules, templates, languages, and plugins. Your website includes the extensions you need to create a basic website in English, but thousands of additional extensions of all types are available. The Joomla! Extensions Directory is the largest directory of Joomla! extensions.

  • शिक्षा

    We search the whole countryside for the best fruit growers.

    You can let each supplier have a page that he or she can edit. To see this in action you will need to create a users who is in the suppliers group.  
    Create one page in the growers category for that user and make that supplier the author of the page.  That user will be able to edit his or her page.

    This illustrates the use of the Edit Own permission.

  • पर्यावरण

Facebook



  Search